हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक नक़रोड़ (तीसा )ने वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

चुराह/तीसा ,01 अक्तूबर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक नक़रोड़ शाखा द्वारा आज सत्संग भवन नक़रोड़ में विशेष वृक्षारोपण गतिविधि आयोजित की गई। इस अवसर पर बैंक के शाखा प्रबंधक सिद्धार्थ कौशल ने नेतृत्व किया और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए।
कार्यक्रम के दौरान शाखा प्रबंधक सिद्धार्थ कौशल ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और हमें पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण ही सबसे सशक्त उपाय है।

बैंक कर्मियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से परिसर में दर्जनों पौधों का रोपण किया गया। इनमें छायादार व फलदार पौधों के साथ-साथ सजावटी पौधे भी शामिल थे। सभी प्रतिभागियों ने पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया ताकि यह गतिविधि केवल एक आयोजन भर न रह जाए, बल्कि भविष्य में भी इसका लाभ समाज और पर्यावरण दोनों को मिले।
इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों ने बैंक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण से न केवल वातावरण स्वच्छ होगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वस्थ जीवन मिलेगा। उन्होंने बैंक प्रबंधन को धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामूहिक प्रयासों से हरियाली को प्रोत्साहित करना रहा।
बैंक शाखा ने यह संदेश दिया कि वित्तीय सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाना भी हर संस्था का कर्तव्य है।