मणिमहेश यात्रा को मिलेगा केंद्र की ‘प्रसाद योजना’ का लाभ, विधायक जनक राज ने की केंद्रीय मंत्री से विशेष भेंट

मणिमहेश यात्रा को मिलेगा केंद्र की ‘प्रसाद योजना’ का लाभ, विधायक जनक राज ने की केंद्रीय मंत्री से विशेष भेंट

भरमौर/चम्बा, 28 जुलाई मुकेश कुमार ( गोल्डी)

भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक राज ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट कर मणिमहेश यात्रा को केंद्र सरकार की “प्रसाद योजना” (PRASAD – Pilgrimage Rejuvenation and Spiritual Augmentation Drive) में शामिल करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि इसकी पौराणिक और सांस्कृतिक महत्ता भी अत्यधिक है।

हर वर्ष हजारों श्रद्धालु कठिन पर्वतीय मार्गों से होकर भगवान शिव के पवित्र मणिमहेश सरोवर की यात्रा पर निकलते हैं, परंतु अब भी यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।विधायक जनक राज ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि अगर इस यात्रा स्थल को प्रसाद योजना के तहत शामिल किया जाए, तो केंद्र सरकार की सहायता से यहां श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, चिकित्सा, जलापूर्ति, स्वच्छता, रास्तों के सुदृढ़ीकरण और सूचना केंद्र जैसे सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। इससे न केवल यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगी, बल्कि स्थानीय पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने विधायक जनक राज की मांग को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि मणिमहेश यात्रा की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को देखते हुए इस प्रस्ताव पर केंद्र सरकार गंभीरतापूर्वक विचार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी विशेष बल है कि देश के प्रमुख तीर्थस्थलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।विधायक जनक राज की इस पहल को भरमौर क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों में इस भेंट के बाद प्रसन्नता का माहौल है और आशा है कि निकट भविष्य में मणिमहेश यात्रा को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक पहचान और सुविधाएं प्राप्त होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!