डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर ने प्रभावित परिवारों तक पहुँचाई राहत सामग्री

डलहौजी/चंबा, 3 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने के बीच विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर ने राहत कार्यों की अगुवाई करते हुए एक मिसाल पेश की है। उन्होंने ग्राम पंचायत भलेई, सिमनी, वांगल और बरंगाल के प्रभावित परिवारों तक स्वयं पहुंचकर राहत सामग्री वितरित की।विधायक ठाकुर ने न केवल प्रशासनिक स्तर पर राहत सुनिश्चित की, बल्कि खुद पिकअप वाहन में बैठकर आवश्यक राशन सामग्री और अन्य मदद सीधे घर-द्वार तक पहुँचाई।

इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और आश्वस्त किया कि आपदा की इस घड़ी में सरकार और जनप्रतिनिधि पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं।ग्रामीणों ने विधायक द्वारा की गई इस पहल की सराहना की और कहा कि आपदा के समय उनका इस तरह गांव-गांव जाकर सहयोग करना विश्वास और साहस देता है। प्रभावित परिवारों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण उनके घरों और खेतों को काफी नुकसान पहुँचा है, वहीं सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से बाजार और जरूरी सामान तक पहुँचना भी मुश्किल हो गया था।

ऐसे में राहत सामग्री का उनके द्वार तक पहुँचना उनके लिए बड़ी राहत है।विधायक ठाकुर ने मौके पर मौजूद लोगों से अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने संबंधित विभागों को भी निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सड़क बहाली और अन्य सुविधाओं को सामान्य किया जाए।इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी राहत वितरण में सहयोग किया।

विधायक की इस सक्रियता ने यह संदेश दिया है कि जनप्रतिनिधि केवल निर्णय लेने तक सीमित नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में जनता के बीच रहकर कार्य करना ही सच्ची जनसेवा है।