भयानक हादसा, छत से फिसलकर ट्रांसफार्मर पर गिरा युवक, करंट लगने से मौके पर मौत

भयानक हादसा, छत से फिसलकर ट्रांसफार्मर पर गिरा युवक, करंट लगने से मौके पर मौत


चम्बा, 22 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

चम्बा जिले की कंदला पंचायत से एक बेहद दर्दनाक और चौंका देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 41 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहिंद्र कुमार पुत्र रामस्वरूप, निवासी गांव कंदला के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह मोहिंद्र कुमार अपने घर की छत पर साफ-सफाई कर रहा था। कार्य के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक फिसलकर नीचे मकान से सटे हुए ट्रांसफार्मर पर गिर गया। दुर्भाग्यवश, ट्रांसफार्मर से करंट लगने के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घरवालों ने जब गिरने की आवाज सुनी तो वह तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में मोहिंद्र को चंबा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने किसी प्रकार की साजिश या संदेह को नकारा है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

यह हादसा पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैला गया है और लोग मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!