स्थानीय निरंकारी सत्संग भवन बनीखेत में साप्ताहिक सत्संग का आयोजन, अमृतसर से आए महात्मा अमित भाटिया ने दिया सत्य का संदेश

डलहौजी / चम्बा 4 मई मुकेश कुमार( गोल्डी )
आज स्थानीय निरंकारी सत्संग भवन में साप्ताहिक सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अमृतसर, पंजाब से प्रचार दौरे पर आए महात्मा अमित भाटिया जी ने श्रद्धालुओं को सत्य का संदेश दिया।
अपने विचार प्रकट करते हुए भाटिया जी ने कहा कि मनुष्य जीवन एक यात्रा है, जिसका अंतिम लक्ष्य परमात्मा की प्राप्ति है। उन्होंने संत हरदेव सिंह जी महाराज की पंक्तियाँ उद्धृत करते हुए कहा — “दुनिया इक सफर है बन्दे तेरा कहां ठिकाना है, कहे हरदेव कहां से आया, कहां पे तुझको जाना है।” उन्होंने समझाया कि यह जीवन यात्रा केवल सतगुरु की कृपा से ही सही दिशा प्राप्त कर सकती है, क्योंकि सतगुरु ही आत्मा को ब्रह्मज्ञान प्रदान कर परमात्मा से मिलाता है।

भाटिया जी ने आगे कहा कि निराकार प्रभु कण-कण में व्याप्त हैं और इसे जानकर व्यक्ति सहज जीवन जी सकता है। जब मन में निरंकार का एहसास होता है, तो वैर, ईर्ष्या, नफरत और अहंकार जैसे दोष समाप्त हो जाते हैं और प्रेम, शांति, समदृष्टि जैसे गुण विकसित होते हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, पंजाब एवं स्थानीय संत-महात्माओं ने भजन, कविता और विचारों के माध्यम से निरंकार प्रभु की महिमा का गुणगान किया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण वातावरण में आत्मिक आनंद की अनुभूति की और सत्संग के महत्व को आत्मसात किया।
