साहू में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगारों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित

चम्बा 05 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले की ग्राम पंचायत साहू-पधर में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा पंजीकृत कामगारों के लिए एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर वन विभाग के विश्राम गृह में आयोजित हुआ, जिसमें चंबा विधायक नीरज नैय्यर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।विधायक नैय्यर ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं श्रमिकों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और बोर्ड के अधिकारियों से अपील की कि वे पात्र कामगारों का पंजीकरण सुनिश्चित करें ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। इस अवसर पर उन्होंने कामगारों को इंडक्शन चूल्हे और सोलर लैंप भी वितरित किए।कार्यक्रम की अध्यक्षता कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने की। उन्होंने जानकारी दी कि जिला चंबा में एक वर्ष की अवधि के दौरान लगभग 3.50 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता पंजीकृत कामगारों को प्रदान की गई है,

जबकि विधानसभा क्षेत्र चंबा में 1.50 करोड़ रुपए की सहायता वितरित की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में पंजीकृत कामगारों को डिजिटल कार्ड प्रदान किए जाएंगे, जिसके लिए वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में एक करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।शिविर में पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।