प्रेरणा द इंस्पिरेशन संस्था द्वारा साहू में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन

चम्बा 17 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
प्रेरणा द इंस्पिरेशन संस्था द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहू में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें साहू, परोथा, भाला, लग्गा, किडी और जडेरा क्षेत्रों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस शिविर में कुल 25 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
इस रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना था। संस्था के अध्यक्ष दीपक भाटिया ने शिविर की सफलता में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा स्टाफ और स्वयंसेवकों का आभार प्रकट किया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहू की ओर से डॉ. क्षितिज, डॉ. मनीष, स्टाफ नर्स मीनाक्षी, पूनम, फार्मासिस्ट करिश्मा सहित उत्तम, गोरघू, नरेंद्र और पंकू ने शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। वहीं, मेडिकल कॉलेज चंबा के ब्लड बैंक से आई टीम में शिव चरण, अंकिता, प्रदीप और विनोद शामिल रहे, जिन्होंने शिविर को तकनीकी रूप से सफल बनाने में सहयोग किया।
संस्था की ओर से हितेशिता ढल्ल, रक्षित बडियाल, अपूर्वा शर्मा और दीपक भाटिया सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर अपूर्वा शर्मा ने उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।

यह शिविर न केवल रक्तदान के प्रति जनसमुदाय को प्रेरित करने का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सेवाभाव का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। संस्था ने भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी आयोजनों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।