चंबा में दवा पार्सलों पर सख्ती, 8 कूरियर सेवाओं को जारी हुए निर्देश,नकली पर्चियों से मंगाई जा रही थीं दवाएं

चम्बा 02 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला में बाहर से मंगाए जा रहे दवा पार्सलों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला मुख्यालय में कार्यरत आठ प्रमुख कूरियर सेवाओं – डीटीसी, अमेज़न, डेल्हिवरी, एक्सप्रेसबीज, शैडोफैक्स, बालमू, ई-कार्ट सहित अन्य को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन कूरियर सेवाओं की लगभग 25 शाखाएं जिले में कार्यरत हैं।निर्देशों के अनुसार, अब बाहर से आने वाले मेडिकल पार्सलों की एक अलग रजिस्टर में प्रेषक और प्राप्तकर्ता की पूरी जानकारी दर्ज करना अनिवार्य होगा।

इसके अलावा, आधार कार्ड से पहचान की पुष्टि के बिना किसी भी दवा से जुड़े पार्सल को डिलीवर नहीं किया जाएगा। पार्सल उसी व्यक्ति को सौंपा जाएगा जिसके नाम पर वह बुक हुआ है और पहचान पत्र की जांच के बाद ही।प्रशासन ने यह कदम नकली पर्चियों के माध्यम से बाहर से दवाएं मंगवाए जाने की शिकायतों के बाद उठाया है। हाल ही में जांच में 5–6 फर्जी मेडिकल पर्चियां सामने आई हैं, जिनमें फर्जी क्लिनिक और डॉक्टरों के नाम पर दवाएं मंगवाई गईं। जानकारी के मुताबिक एक छात्र ने तो फोर्टिस अस्पताल सरोल के नाम पर भी नकली पर्ची बनाकर दवाएं मंगवाने का प्रयास किया।

प्रशासन ने सभी कूरियर कंपनियों से हर महीने इन मेडिकल पार्सलों का रिकॉर्ड भेजने को भी कहा है, जिसमें पार्सल की संख्या, स्रोत स्थान और प्राप्तकर्ता की जानकारी शामिल हो। आवश्यक होने पर पार्सल लेने वाले का फोटो भी खींच कर रिकॉर्ड में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।यह कदम युवाओं में नशे की प्रवृत्ति और गैर-कानूनी दवा सेवन को रोकने की दिशा में अहम माना जा रहा है।