गुरु गोरखनाथ जी की शोभायात्रा भक्ति, उल्लास और सेवा भाव से सम्पन्न

भटीयात चुवाडी़ 20 अप्रैल बबलू पठानिया
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु गोरखनाथ यात्रा कमेटी बकलोह द्वारा चिलामा हेलीपैड स्थित प्राचीन गुरु गोरखनाथ मंदिर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बीते कल सुबह 10 बजे हवन-पूजन से हुई, जिसके पश्चात मंदिर परिसर से भजन-कीर्तन के साथ गुरु गोरखनाथ जी की पालकी यात्रा प्रारंभ हुई।इस पावन शोभायात्रा में स्थानीय जनता के साथ-साथ चतुर्थ गोरखा राइफल्स के जवान, जेसीओ व अधिकारीगण शामिल हुए।

शोभायात्रा विभिन्न गांवों से होते हुए बकलोह बाज़ार और अंत में चिलामा हेलीपैड तक पहुँची। हर पड़ाव पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान की विशेष व्यवस्था की गई थी।कुमलाडी चौक पर 5/4 गोरखा राइफल्स, स्लोडका गांव में 4/4 गोरखा राइफल्स, ककीरा में गोपाल एंड पार्टी गौरीगांव, कालूगंज में स्थानीय लोगों ने गरमागरम पकोड़े, जलेबी, बर्फी, चाय और आइसक्रीम से सभी का स्वागत किया।

बकलोह बाजार में हलवा, आलू की चटनी और काले चने के प्रसाद का वितरण हुआ।घटासनी में ज्वाला महिला मंडल, चिलामा में स्थानीय लोग तथा अंत में 3/4 और 2/4 गोरखा राइफल्स द्वारा जलपान व्यवस्था रही। मंदिर परिसर में “जय माँ प्रेमियों” द्वारा रोट और हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का समापन विनय मोहन द्वारा आयोजित विशाल भंडारे के साथ हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने आनंदपूर्वक भाग लिया।पूरा वातावरण दिनभर भक्ति, भजन और सेवा भाव से सराबोर रहा।