गुरु नानक पब्लिक स्कूल डलहौज़ी में आयोजित हुआ दो दिवसीय जीवविज्ञान विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम

डलहौज़ी/चम्बा 8 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
गुरु नानक पब्लिक स्कूल (GNPS) डलहौज़ी में सीबीएसई सीनियर सेकेंडरी स्तर के जीवविज्ञान विषय पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम (Capacity Building Programme) का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के क्षेत्रीय कार्यालय, पंचकूला के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञ संसाधक के रूप में नीरा महाजन और सीमा शर्मा ने भाग लिया। उन्होंने प्रतिभागी शिक्षकों को नई शिक्षण विधियों, मूल्यांकन प्रक्रिया तथा विषय को रोचक व प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की तकनीकों पर गहन मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विशेष रूप से तरुण, प्रमुख, सीओई पंचकूला और किरण मेहरा, सीओई पंचकूला का आभार व्यक्त किया गया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह आयोजन संभव हो सका।सीबीएसई के जिला प्रशिक्षण समन्वयक एवं सिटी कोऑर्डिनेटर नवदीप भंडारी ने कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए वर्तमान शैक्षणिक परिवेश में नियमित प्रशिक्षण की आवश्यकता और महत्ता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों को समय-समय पर आयोजित इस प्रकार के प्रशिक्षणों के माध्यम से स्वयं को अपडेट रखना अत्यंत आवश्यक है।इस दो दिवसीय कार्यशाला में जिले के लगभग 10 स्कूलों के शिक्षकों ने भाग लिया और विषय से संबंधित नई जानकारी और शिक्षण दृष्टिकोणों को आत्मसात किया।कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को नवीनतम शैक्षणिक बदलावों से अवगत कराते हुए उन्हें और अधिक दक्ष बनाना था, जोकि सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
