उपायुक्त मुकेश रेपसवाल का चुराह व सलूणी उपमंडल दौरा, विकासात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा

सलूणी/ तीसा 15 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज चुराह तथा सलूणी उपमंडलों का व्यापक दौरा कर प्रशासनिक और विकासात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।दौरे की शुरुआत चुराह उपमंडल मुख्यालय भंजराडू से हुई, जहां उपायुक्त ने वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की और प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, पृथक्करण तथा निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।

उपायुक्त ने स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने और प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता अभियान को स्थायी रूप से मजबूती मिल सके।इसके पश्चात उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, हिमगिरी का दौरा किया। यहां उन्होंने छात्रावास में रह रहीं बालिका विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा, आवास, भोजन और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।दौरे के अंतिम चरण में उपायुक्त ने सलूणी उपमंडल के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डांड का निरीक्षण किया।

उन्होंने विद्यालय में चल रहे मरम्मत एवं सुधार कार्यों का जायजा लिया और आवश्यक धनराशि शीघ्र उपलब्ध करवाने तथा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उप मंडल दंडाधिकारी सलूणी चंद्र वीर सिंह, उप मंडल दंडाधिकारी चुराह राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।