चंबा के भट्ठीयात में बादल फटने से तबाही, भूस्खलन की चपेट में आए दो गांव, 300 लोगों ने भागकर बचाई जान

भटीयात/ चुवाडी़ 30 जुलाई बबलू पठानिया
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की भट्ठीयात घाटी में सोमवार रात बादल फटने की घटना ने दो गांवों को गंभीर संकट में डाल दिया। पंचायत जानद्रोग के तहत आने वाले भगसियार और डुलियार गांवों में भूस्खलन और तेज बारिश के चलते भारी तबाही हुई है। आपदा के दौरान दोनों गांवों से लगभग 300 ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई।
मौसम विभाग (IMD) ने भट्ठीयात में प्रदेश की सबसे अधिक वर्षा 182 मिलीमीटर रिकॉर्ड की है। इस तेज बारिश के कारण भुख्सियार गांव में घरों और अन्य भवनों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। भूस्खलन के कारण कई मकानों में 4 से 5 फीट तक मलबा भर गया है। हालांकि, समय रहते लोगों ने घर खाली कर दिए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने इस सतर्कता को बड़ा हादसा टलने का कारण बताया है।

भट्ठीयात के अन्य क्षेत्रों, विशेषकर गगाहर गांव में भी भारी भूस्खलन की खबर है। यहां भी कई घरों पर खतरा मंडरा रहा है, जिससे ग्रामीणों ने रात जागकर बिताई। प्रभावित क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम पास अग्रवाल मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी। प्रारंभिक राहत के तौर पर जिनके घर क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें 7500 रुपये तथा अन्य प्रभावितों को 2500 रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
