मतदान केंद्रों की सूचियां 13 अगस्त तक निरीक्षण हेतु उपलब्ध, आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित

चंबा, 7 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य चल रहा है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने जानकारी दी कि यह कार्य संसदीय एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के परिसीमन आदेश-2008 के अंतर्गत किया जा रहा है।चंबा जिले के पुनर्गठित पांचों विधानसभा क्षेत्रों—चुराह (अ.जा.), भरमौर (अ.ज.जा.), चंबा, डलहौजी और भटियात—के लिए स्थापित मतदान केंद्रों की अद्यतन सूचियों का प्रकाशन 7 अगस्त 2025 को कर दिया गया है। ये सूचियां आम जनता के निरीक्षण हेतु 13 अगस्त तक उपलब्ध रहेंगी।निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ये सूचियां उपायुक्त कार्यालय चंबा, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (तहसीलदार/नायब तहसीलदार), खंड विकास अधिकारियों, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद चंबा व डलहौजी, और नगर पंचायत चुवाड़ी के कार्यालयों में रखी गई हैं। साथ ही, इन सूचियों को http://ceohimachal.hp.gov.in पर भी ऑनलाइन देखा जा सकता है।यदि किसी व्यक्ति को सूचियों में कोई त्रुटि, परिवर्तन, आपत्ति या सुझाव देना हो तो वह 13 अगस्त 2025 तक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी—ADM/SDM चुराह, भरमौर, चंबा, डलहौजी या भटियात—के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है।प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का निपटारा 22 अगस्त को आयोजित होने वाली बैठक में किया जाएगा, जिसमें राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श भी किया जाएगा। निर्वाचन अधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में भाग लें और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग दें।