सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने उदयपुर में आपदा प्रभावित परिवारों का लिया हाल, प्रशासन को दिए राहत के निर्देश

चम्बा 02 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
बरसात से तबाह हुए जिला चंबा के उदयपुर क्षेत्र में सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने बीते दिन प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने गांव-गांव जाकर स्थानीय लोगों के दुःख-दर्द को करीब से महसूस किया। सांसद ने कहा कि स्थिति बेहद भयावह है, कई परिवारों के घरों के भीतर 8-8 फीट तक मलबा घुस चुका है। प्रभावित परिवार कठिन परिस्थितियों में जी रहे हैं और कई घरों तक पहुंचने वाले रास्ते पूरी तरह अवरुद्ध हो चुके हैं।
इस मौके पर चंबा के पूर्व विधायक पवन नैयर, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज नरयाल और मंडल अध्यक्ष राज कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने भी पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

सांसद राजीव भारद्वाज ने मौके पर ही प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पीड़ित परिवार की अनदेखी न की जाए। उन्होंने कहा कि हर प्रभावित को तुरंत राहत राशि और उचित मुआवजा मिले। साथ ही उन्होंने प्रशासन से अपील की कि पुनर्वास कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द सुरक्षित ठिकाना मिल सके।
उन्होंने जानकारी दी कि आज प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आपदा राहत और पुनर्वास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। सांसद ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य जमीनी हालात के आधार पर त्वरित समाधान निकालना और प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाना है।

सांसद भारद्वाज ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के नाते वह हमेशा जनता के साथ खड़े हैं और यह उनका परम कर्तव्य है कि हर प्रभावित को मदद मिले। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार से भी हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
