ग्राम पंचायत द्रड्ढा के कैहला गाँव में सजा माँ खुंडी का दरबार, एक से एक बढ़कर भजनों की प्रस्तुतियों से झूमे भक्त

चंबा, 20 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
ग्राम पंचायत द्रड्ढा के कैहला गाँव स्थित माँ खुंडी मंदिर में मंगलवार को भव्य जागरण का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे गाँव का वातावरण भक्तिमय बना रहा और माँ के जयकारों से गूँजता रहा।जागरण में राजेंद्र राजू और सुभाष प्रिंस की जागरण पार्टी ने माँ खुंडी, गणेश वंदना, भोले शंकर और शेरावाली माता के भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर भजनों और भक्तिरस से सराबोर माहौल में उपस्थित भक्तगण झूमते और नृत्य करते नजर आए।

रातभर चले इस जागरण में श्रद्धालु माँ की भक्ति में लीन होकर आनंदित हुए।मंदिर के पुजारी कमल शर्मा ने बताया कि इस मंदिर में हर वर्ष ज्येष्ठ माह के मंगलवार को विशेष जागरण का आयोजन किया जाता है। इसमें दूर-दराज़ से भक्त अपनी मनोकामनाएँ लेकर पहुँचते हैं और माँ से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उनका मानना है कि यहाँ सच्चे मन से माँगी गई हर मुराद पूरी होती है।इस अवसर पर सुबह से ही हवन, कन्या पूजन और अन्य मांगलिक कार्य संपन्न किए गए। वहीं, स्थानीय निवासी हेम राज ने जानकारी दी कि वर्ष 2010 में उनके घर के पास की फूलवारी में माता के चिन्ह प्रकट हुए थे।

उसी वर्ष छठे नवरात्र पर मंदिर का गृह प्रवेश किया गया और तब से यहाँ श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।जागरण के दौरान अनामिका शर्मा ने माता की चौकी सजाई और उपस्थित श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। उन्होंने भक्तों से कलयुग में माँ काली के नाम का स्मरण करने और सदाचार के मार्ग पर चलने का विशेष आग्रह भी किया।भव्य जागरण में गाँव के लोगों सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुँचे सैकड़ों भक्तों ने हिस्सा लिया और माँ खुंडी के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
