डलहौजी क्षेत्र में झमाझम बारिश, प्रशासन ने बरती सतर्कता श्रद्धालुओं को भी एडवाइजरी जारी

डलहौजी क्षेत्र में झमाझम बारिश, प्रशासन ने बरती सतर्कता श्रद्धालुओं को भी एडवाइजरी जारी

डलहौजी/ चम्बा 23 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी क्षेत्र में दो दिनों के विराम के बाद आज सुबह करीब सवा आठ बजे से एक बार फिर से झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। लगातार हो रही तेज बरसात से क्षेत्र में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग द्वारा पहले ही अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी, जिसके मद्देनज़र स्थानीय प्रशासन और जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।प्रशासन ने स्पष्ट रूप से एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को नदियों, नालों और जलधाराओं के किनारे जाने से परहेज करने की हिदायत दी है। साथ ही ऊँचाई वाले इलाकों की ओर अनावश्यक यात्रा न करने की अपील भी की गई है ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

उधर, इस समय पवित्र मणिमहेश यात्रा अपने चरम पर है और बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चंबा जिला पहुंच रहे हैं। बारिश के चलते सुरक्षा को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं।चंबा की प्रवेश द्वार तुन्नूहटी में पंजीकरण केंद्र स्थापित किया गया है, जहां आने वाले श्रद्धालुओं का अनिवार्य रूप से पंजीकरण किया जा रहा है।

यही नहीं, श्रद्धालुओं को यात्रा मार्ग, भौगोलिक स्थिति और मौसम से संबंधित ताज़ा जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे सुरक्षित ढंग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।प्रशासन ने सभी यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी दिशानिर्देशों का पालन करें।

सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए ही यात्रा का आनंद लें ताकि श्रद्धा और विश्वास के साथ इस पावन यात्रा को सफल बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!