ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, बनीखेत के पास खराब हुई एचआरटीसी बस

चंबा, 22 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
राष्ट्रीय राजमार्ग 154-ए पर बनीखेत खेरी पुल के पास बीते दिन हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस एचपी 73-7380 में अचानक तकनीकी खराबी आने से बड़ा हादसा टल गया। यह बस भरमौर से यात्रियों को लेकर इंदौरा की ओर जा रही थी।जानकारी के अनुसार बस जब बनीखेत बस अड्डे में थोड़ी देर चाय-पानी का विराम लेकर आगे बढ़ी, तभी चालक को महसूस हुआ कि वाहन के ब्रेक का प्रेशर ठीक से नहीं बन रहा है।

स्थिति को समझते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सावधानीपूर्वक खेरी पुल के पास सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया।बताया जा रहा है कि बस में मणिमहेश यात्रा से लौट रहे श्रद्धालु सहित अन्य यात्री सवार थे। हालांकि यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन चालक की तत्परता और समझदारी ने सभी की जान बचा ली। यात्रियों ने चालक की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते खराबी का पता न चलता तो पंचपुला तक का ढलानदार रास्ता एक बड़े हादसे का कारण बन सकता था।गौरतलब है कि इन दिनों मणिमहेश यात्रा के चलते श्रद्धालुओं की भीड़ सड़कों पर देखी जा रही है।

बड़ी संख्या में लोग स्कूटर और मोटरसाइकिलों पर भी यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में यदि बस अनियंत्रित होती तो सड़क पर बड़ा जानी-माली नुकसान हो सकता था।वहीं, क्षेत्रीय प्रबंधक चंबा शगुल सिंह ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही यात्रियों को सुरक्षित रूप से अन्य निगम की बस में भेजकर उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। उन्होंने कहा कि निगम यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और इस तरह की स्थितियों में त्वरित व्यवस्था की जाती है।
