चंबा-शिमला वोल्वो बस सेवा का शुभारंभ, प्रदेशवासियों के लिए बड़ी सौगात

चंबा-शिमला वोल्वो बस सेवा का शुभारंभ, प्रदेशवासियों के लिए बड़ी सौगात

चंबा, 2 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)


चंबा से प्रदेश की राजधानी शिमला को जोड़ने वाली वोल्वो बस सेवा का आज शुभारंभ हुआ। इस अल्ट्रा लग्जरी बीएस-6 वोल्वो सेवा का विधिवत उद्घाटन चंबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज नैयर व एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने किया। इस सेवा की शुरुआत लंबे समय से की जा रही मांग को ध्यान में रखते हुए की गई है।

इस अवसर पर विधायक नीरज नैयर ने बताया कि चंबा प्रदेश का सबसे दूरस्थ जिला मुख्यालय है और वर्षों से यहां के लोग शिमला के लिए एक आरामदायक परिवहन सुविधा की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के सहयोग से यह मांग अब पूरी हुई है।

यह वोल्वो सेवा प्रतिदिन दो समयों पर चंबा और शिमला से चलेगी। चंबा से सुबह 7:30 बजे रवाना होकर यह बस पठानकोट, जसूर, तलवाड़ा, ऊना, चंडीगढ़ और सोलन होते हुए रात 8:00 बजे शिमला पहुंचेगी। वहीं शिमला से यह बस सुबह 6:00 बजे चलकर शाम 6:30 बजे चंबा पहुंचेगी। बस का किराया और अन्य बुकिंग विवरण जल्द निगम द्वारा जारी किया जाएगा।

एचआरटीसी चंबा के डीडीएम शुगल कुमार ने बताया कि यह सेवा वंदे भारत ट्रेन से जुड़ने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर भविष्य में और बेहतर की जाएगी।

इस मौके पर निगम के निदेशक सुरजीत भरमौरी, डीएम पंकज चड्ढा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। नई वोल्वो सेवा से न केवल आम जनता को बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!