पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा संपन्न

चंबा, 8 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
नेत्रदान के महत्व को बढ़ावा देने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से पंडित जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज चंबा में राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा मनाया गया। भारत में पिछले 38 वर्षों से 25 अगस्त से 8 सितंबर के बीच हर वर्ष यह पखवाड़ा आयोजित किया जाता है। इस दौरान विभिन्न स्थानीय और केंद्रीय संगठन एकजुट होकर लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करते हैं और उन्हें इस नेक कार्य के लिए प्रोत्साहित करते हैं, जिससे ज़रूरतमंद व्यक्तियों को दृष्टि का उपहार मिल सके।मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा, डॉ. विपिन ठाकुर ने बताया कि दृष्टि न केवल सांसारिक सौंदर्य प्रदान करती है, बल्कि दैनिक जीवन की गतिविधियों में भी इसकी अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि विभिन्न पुरानी बीमारियाँ, दृष्टि दोष और दुर्घटनाओं के कारण कई लोग अंधकार की दुनिया में चले जाते हैं। ऐसे में एक सज्जन नेत्रदाता की दी हुई कॉर्निया प्रत्यारोपण से इन लोगों की ज़िंदगी बदल सकती है।

डॉ. विपिन ठाकुर ने नेत्रदान की प्रक्रिया और इसके कानूनी पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत में अंगदान और कॉर्निया प्रत्यारोपण मानव अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण अधिनियम द्वारा नियंत्रित होता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार हर पांच सेकंड में कोई व्यक्ति अंधेपन का शिकार होता है, जबकि 80% मामले रोकथाम योग्य या उपचार योग्य हैं।कार्यक्रम में कॉलेज के छात्रों द्वारा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें मन्नत ने प्रथम स्थान, सिद्धार्थ ने द्वितीय स्थान और सारिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन विजेताओं को कॉलेज प्रिंसिपल द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। साथ ही, मानसी और याशिक को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जालम भारद्वाज ने सभी उपस्थित लोगों से नेत्रदान की प्रतिज्ञा दिलवाई। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, नेत्र विभाग प्रमुख डॉ. आदित्य कश्यप व जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करण हितैषी भी उपस्थित रहे।
