भारी बारिश से लाहड़ू-नूरपुर मार्ग रहा बंद, पेट्रोल पंप और घरों को भूस्खलन से भारी हुआ नुकसान

भारी बारिश से लाहड़ू-नूरपुर मार्ग रहा बंद, पेट्रोल पंप और घरों को भूस्खलन से भारी हुआ नुकसान

भटीयात/चुवाडी़ 12 सितंबर बबलू पठानिया

बीती रात भारी बारिश के कारण लाहड़ू से नूरपुर सड़क पर जगह-जगह से पहाड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। इसके साथ ही लाहड़ू-सिहुंता सड़क भी भूस्खलन की चपेट में आ गई, जिससे क्षेत्र में संपर्क कट गया। विशेष रूप से लाहड़ू पेट्रोल पंप पर पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर गिरने से पेट्रोल पंप की मशीनें और संरचना गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। मलबे और पानी के भराव के कारण आस-पास के घरों में भी स्थिति अत्यंत विकट बनी हुई है।नूरपुर रोड टीकर गला पुरा का पूरा हिस्सा बह गया था, जिसे लोकनिर्माण विभाग की मशीनों की कड़ी मेहनत से आज बहाल किया गया।

इलाके के निवासियों का कहना है कि इतनी भयंकर और तेज बारिश उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। बारिश मानो सब कुछ अपने साथ बहाकर ले जाने की कोशिश कर रही थी। पूरे क्षेत्र में भूस्खलन के कारण बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गईं, घरों में पानी और मलबा भर गया, जिससे लोगों की नींद हराम हो गई।

लोग दहशत और डर के कारण रातभर बिलख-बिलख कर रोते रहे।पंचायत परछोड़ के ग्राम काथलू में रुडो राम पुत्र बिरजू, देशराज पुत्र प्रताप और ब्रिक्म पुत्र ठुनीया के घर भारी नुकसान पहुँचा है। इन घरों में दरारें आ गईं और घर रहने के लिए असुरक्षित हो गए।

प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर ठहराया है ताकि वे बारिश के और नुकसान से बच सकें।आज सुबह भी लगातार बारिश जारी है। लोग अब हर समय दहशत के साए में जी रहे हैं। क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए, राजकुमार चम्बियाल, अध्यक्ष क्रेडिट कोऑपरेटिव बैंक सोसाइटी ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाकर उनका सहारा बनकर राहत कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल लगातार प्रभावित इलाकों में मदद के प्रयास कर रहे हैं, जबकि लोकनिर्माण विभाग सड़क मार्ग बहाल करने में जुटा हुआ है।

लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन समय पर राहत कार्य नहीं करता, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी।आगे भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में इलाके के लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर रहने को मजबूर हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!