मणिमहेश यात्रा 2025 पर फिलहाल के लिए रोक, सुंदरासी में बादल फटने से आया मलबा

मणिमहेश यात्रा 2025 पर फिलहाल के लिए रोक, सुंदरासी में बादल फटने से आया मलबा

भरमौर/चंबा, 24 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान शनिवार देर शाम सुंदरासी में बादल फटने से भारी भूस्खलन और मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। इस कारण यात्रा का आवागमन प्रभावित हुआ और प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल यात्रा पर रोक लगा दी है। हालांकि देर शाम तक किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं मिली, लेकिन नुकसान की आशंका जताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पर्वतारोहण संस्थान के बचाव दल, पुलिस, एनडीआरएफ और लोक निर्माण विभाग की टीमों को मौके पर भेजा।

एसडीएम भरमौर अभिषेक मित्तल ने बताया कि अभी तक किसी जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। मलबा हटाने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल यात्रा को रोकते हुए जहां-जहां यात्री ठहरे हुए हैं, वहीं ठहरने के आदेश दिए गए हैं। बाकायदा अनाउंसमेंट कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की हिदायत दी जा रही है। मौसम ठीक होने और मार्ग बहाल होने के बाद ही यात्रा को पुनः शुरू किया जाएगा।जानकारी के अनुसार फिलहाल भरमौर, हडसर और गौरीकुण्ड क्षेत्रों में सैकड़ों यात्री रुके हुए हैं।

प्रशासन ने इन सभी को उनके ठहरने के स्थानों पर ही रुकने को कहा है। वहीं गोरीकुंड से नीचे आने वाले यात्रियों को भी रोका गया है।स्थानीय प्रशासन का कहना है कि बचाव दल और लोक निर्माण विभाग की टीमें लगातार मलबा हटाने और रास्ता खोलने के प्रयास कर रही हैं। जैसे ही हालात सामान्य होंगे और मार्ग सुरक्षित घोषित किया जाएगा, मणिमहेश यात्रा को फिर से बहाल कर दिया जाएगा। तब तक यात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!