चंबा में आशा कार्यकर्ताओं का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, सीएमओ ने किया समापन संबोधन

चंबा, 31 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. विपिन ठाकुर ने आज आशा कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं को संबोधित किया। यह प्रशिक्षण मॉड्यूल 6 और 7 के तहत आयोजित किया गया था, जो 27 अक्तूबर से आरंभ हुआ था। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य खंड समोट, पुखरी, चूड़ी, भरमौर और पांगी से आई नव-नियुक्त आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।डॉ. ठाकुर ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और कौशल प्रदान करना था, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल कर सकें।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को गर्भावस्था, प्रसव पूर्व एवं प्रसवोत्तर देखभाल, नवजात शिशु की प्राथमिक पहचान, सामान्य बीमारियों के लक्षणों की पहचान और समय पर स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि यह प्रशिक्षण विशेष रूप से ग्रामीण और अति पिछड़े क्षेत्रों की महिलाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण के उपरांत आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को घटाने में अहम भूमिका निभाएंगी।डॉ. ठाकुर ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए आशा कार्यकर्ताओं और संपूर्ण स्वास्थ्य विभाग की सराहना की तथा कहा कि आकांक्षी जिलों में चंबा ने स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

इस अवसर पर सी. आर. ठाकुर, जन शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी, तथा रमेश कुमार, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।