डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर ने लिया तेलका क्षेत्र के बारिश प्रभावित गांवों का किया दौरा, सुनी जन समस्याएं

डलहौजी/चम्बा 04 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी.एस. ठाकुर ने गुरुवार को तेलका क्षेत्र का दौरा कर भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाड़का, मौड़ा और सालवां सहित कई प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएँ सुनीं।विधायक ठाकुर ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने तेलका क्षेत्र के जन-जीवन को गहराई से प्रभावित किया है। विशेषकर बाड़का के भेड़ोई और भजोत्रा पंचायत के डडवाल, द्रोड़ व सरोटी गांवों में हालात बेहद गंभीर हैं। उन्होंने बताया कि जमीन धंसने से कई घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और प्रभावित परिवार बेघर हो चुके हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि जल्द से जल्द विस्थापितों को राहत सामग्री और सुरक्षित भूमि उपलब्ध करवाई जाए, ताकि उनका पुनर्वास हो सके।

विधायक ने भरोसा दिलाया कि सड़क मार्ग बहाल होते ही राहत सामग्री प्रभावित गांवों तक पहुँचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।इस मौके पर प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार तेलका और कानूनगो भी मौजूद रहे। उन्होंने स्थिति की विस्तृत जानकारी विधायक को दी और आश्वासन दिया कि राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।स्थानीय लोगों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के प्रति उनकी संवेदनशीलता से प्रभावित परिवारों में विश्वास बढ़ा है। बारिश से प्रभावित गांवों में फिलहाल जन-जीवन सामान्य करने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास जारी हैं।