स्वतंत्रता दिवस समारोह में डलहौजी थाना प्रभारी जगबीर सिंह सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह में डलहौजी थाना प्रभारी जगबीर सिंह सम्मानित

डलहौजी/चंबा, 16 अगस्त मुकेश कुमार ( गोल्डी)

जिला चंबा में बीते कल ऐतिहासिक चौगान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश सरकार के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पुलिस विभाग में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में पुलिस थाना डलहौजी के प्रभारी जगबीर सिंह भी शामिल रहे। मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने उन्हें उनके बेहतरीन कार्य और समाज हित में निभाई गई जिम्मेदारियों के लिए प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।उल्लेखनीय है कि जगबीर सिंह ने बीते समय में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने नशा तस्करों पर न केवल अंकुश लगाया, बल्कि उनके नेटवर्क को भी ध्वस्त किया।

क्षेत्र में बढ़ते नशे के खतरे को रोकने के लिए उनका अभियान काफी प्रभावी साबित हुआ और स्थानीय जनता ने भी उनके प्रयासों की सराहना की।इसके अलावा, डलहौजी क्षेत्र में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी उन्होंने विशेष योगदान दिया है। उनकी कार्यशैली ने क्षेत्र में अमन और शांति कायम रखने में अहम भूमिका निभाई है। मंत्री चौहान ने उनके इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ और समर्पित अधिकारी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

सम्मान मिलने के उपरांत थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने इस सम्मान के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार का तहे दिल से धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं प्रदान करते रहेंगे।उन्होंने कहा कि समाज से नशे को जड़ से खत्म करने और युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने के लिए वे निरंतर कार्य करते रहेंगे। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि पूरे पुलिस विभाग के मनोबल को बढ़ाने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!