विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

सात परिवारों को दी गई ₹35,000 की फौरी राहत, प्रभावितों को दी हरसंभव सहायता का भरोसा

भटीयात/चुवाडी़, 5 अगस्त बबलू पठानिया

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आपदा प्रभावित विभिन्न गांवों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह से प्रभावितों टके साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।अपने दौरे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम पंचायत चंदरोग के गांव ढलियार और भगसियाड़ में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सात परिवारों को फौरी राहत के रूप में प्रति परिवार ₹5,000 की दर से कुल ₹35,000 की राहत राशि प्रदान की।

उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि राहत और पुनर्वास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सामान्य जीवन मिल सके।उन्होंने अधिकारियों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सड़क कनेक्टिविटी को बहाल करने और विद्युत आपूर्ति को शीघ्र पुनर्स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही, चुवाड़ी-लाहड़ू मार्ग पर ब्रह्मपुला के पास क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर उन्होंने कहा कि मार्ग की मरम्मत पूर्ण होने तक वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की जाएगी ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा समय-समय पर राहत मापदंडों के अनुरूप सहायता राशि प्रदान की जाती है और जो भी जरूरतें होंगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।इस मौके पर हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम के निदेशक कृष्ण चेला, एसडीएम पारस अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता दिवाकर सिंह पठानिया, अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी, जल शक्ति विभाग के राकेश ठाकुर, विद्युत विभाग के राजीव ठाकुर, तहसीलदार सुमन धीमान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष का यह दौरा प्रभावित लोगों के लिए न केवल राहत का माध्यम बना, बल्कि उनके मनोबल को भी सुदृढ़ करने वाला रहा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार भविष्य में भी जनहित के कार्यों में तत्परता से कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!