स्वामी श्री राजेश्वरा नंद हरिगिरी नर्सिंग कॉलेज ककीरा में महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन

भटीयात/ चुवाडी़, 09 सितंबर बबलू पठानिया
महिला एवं बाल विकास विभाग चंबा की ओर से मिशन शक्ति के तहत स्वामी श्री राजेश्वरा नंद हरिगिरी अस्पताल एवं नर्सिंग कॉलेज ककीरा में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को सशक्त बनाना तथा स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। शिविर की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक तरुण मल्होत्रा और प्रिंसिपल डॉ. कांता अजय कुमार ने की।

कार्यक्रम में मिशन हब, वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन का स्टाफ सक्रिय रूप से भाग लिया। जिला को-ऑर्डिनेटर मनोहर नाथ ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए उपलब्ध योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, लैंगिक संवेदनशीलता, महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, मिशन वात्सल्य योजना, बेटी है अनमोल योजना और प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना पर विस्तार से जानकारी दी।

चाइल्ड हेल्पलाइन जिला समन्वयक कपिल शर्मा ने टोल फ्री नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बताया कि यह सेवा अनाथ, अर्ध-अनाथ, मानसिक रूप से कमजोर, बाल विवाह व बाल मज़दूरी से ग्रसित बच्चों के लिए उपलब्ध है। वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी मधु शर्मा ने पोक्सो अधिनियम के तहत बच्चों की सुरक्षा पर विशेष रूप से ध्यान देने की अपील की। नशे की बुराई व सोशल मीडिया के उपयोग से जुड़ी सावधानियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।जेंडर स्पेशलिस्ट शिवालिका ने सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श में अंतर समझाया तथा अनुशासन व नैतिक शिक्षा पर भी महत्वपूर्ण जानकारियां दी। वृत पर्यवेक्षक किरण बैरी ने मासिक धर्म एवं घरेलू हिंसा से जुड़ी जानकारी साझा की।

इस कार्यक्रम में डेमोस्टेटर रंजना देवी, अरुण चौहान, संस्थान के अध्यापक व करीब 260 छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। यह शिविर महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज में उनके सुरक्षित स्थान के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।