स्वच्छता ही सेवा अभियान की आज से शुरुआत,उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दिलवाई स्वच्छता शपथ

चम्बा, 17 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वच्छता ही सेवा-2025 अभियान के तहत आज उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने उपायुक्त कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर पुलिस अधीक्षक चम्बा अभिषेक यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सभी नागरिकों विशेष रूप से सरकारी कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसे नैतिक दायित्व के रूप में अपनाने का संदेश देना था। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने शपथ ग्रहण के दौरान स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल सरकारी कर्मियों का ही कर्तव्य नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामाजिक जिम्मेवारी भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का अभ्यास हर व्यक्ति को अपने घर, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से करना चाहिए।
उपायुक्त ने जोर देते हुए कहा कि गंदगी फैलाने की प्रवृत्ति को रोकना और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना जरूरी है। उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे न केवल खुद स्वच्छता के प्रति सजग बने रहें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इस दिशा में प्रेरित करें।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता संकल्प की प्रतिज्ञा ली, जिसमें उन्होंने गंदगी न फैलाने, कचरा सही स्थान पर डालने,

प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और हर संभव प्रयास से पर्यावरण को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।
इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उपायुक्त कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ स्वच्छता संकल्प ग्रहण किया। यह अभियान न केवल सरकारी कार्यालयों तक सीमित रहेगा, बल्कि पूरे समाज में स्वच्छता की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
स्वच्छता ही सेवा-2025 अभियान के तहत ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों की जागरूकता में वृद्धि हो।