बनीखेत में सड़क हादसा, पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आया स्कूटी सवार, टांडा रेफर

बनीखेत में सड़क हादसा, पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आया स्कूटी सवार, टांडा रेफर

चंबा, 01 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)


आज एनएच 154ए पर बनीखेत पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ, जब पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सुबह के समय घटी, जब सामान्य यातायात जारी था।

हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहे वाहन चालकों तथा स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को उठाकर उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बनीखेत पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया।

घायल की पहचान 51 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र बाबूराम, निवासी गांव मोहरू, डाकघर होबार, तहसील डलहौजी, जिला चंबा के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल देखने को मिला, क्योंकि पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला लगातार जारी है, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में बरसात के चलते भारी मालवा तथा पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने वालों की सुरक्षा खतरे में रहती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को पुख्ता किया जाए और आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

प्रशासन ने मामले की जानकारी लेते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। हादसे के बाद पीड़ित के परिजन भी गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!