मणिमहेश यात्रा-2025 जन सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन सख्त, विभागों को 9 अगस्त तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

मणिमहेश यात्रा-2025 जन सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन सख्त, विभागों को 9 अगस्त तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

चंबा, 20 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

मणिमहेश यात्रा-2025 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन चंबा ने जन सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत विभिन्न विभागों को सख्त आदेश जारी किए हैं। उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चंबा ने यात्रा मार्ग पर चल रहे विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए 16 अगस्त से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।जारी आदेशों में कहा गया है कि भरमौर उपमंडल में जन्माष्टमी से राधाष्टमी तक आयोजित होने वाली इस वार्षिक तीर्थ यात्रा में लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। हड़सर से मणिमहेश डल झील तक का 13 किमी लंबा मार्ग उच्च पर्वतीय क्षेत्र से होकर गुजरता है, जो भूस्खलन, बाढ़ एवं अन्य आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील है। ऐसे में यात्रा मार्ग का रखरखाव, जरूरी सेवाओं की स्थापना और आपदा से निपटने की तैयारी अनिवार्य है।एचपीपीडब्ल्यूडी भरमौर को 9 अगस्त तक यात्रा मार्ग पर ढलान सुधार, खदुंजा बिछाने, पथ चौड़ीकरण (न्यूनतम 3 मीटर), तथा दुनाली से गुई नाला तक 4 किमी के हिस्से में किनारा दीवारें, प्रतिधारण संरचनाएं और अतिरिक्त पुल निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। तोष की घोट क्षेत्र में वैकल्पिक खच्चर मार्ग का निर्माण भी सुनिश्चित किया जाएगा।जल शक्ति विभाग को पेयजल, विद्युत बोर्ड को धनछो तक बिजली आपूर्ति और अस्थायी व्यवस्था, बीएसएनएल को मोबाइल टावर स्थापना, जबकि स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल कैंप तैयार करने को कहा गया है। स्वच्छता व्यवस्था के लिए मोबाइल शौचालय और कूड़ा प्रबंधन भी सुनिश्चित किया जाएगा।सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि 9 अगस्त 2025 तक सभी अस्थायी सेवाएं पूरी तरह से चालू हों। आदेशों का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। कार्यों की निगरानी के लिए नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!