भरमौर में फंसे श्रद्धालुओं की हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकासी जारी

भरमौर/ चम्बा 04 सितंबर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण भरमौर क्षेत्र में फंसे श्रद्धालुओं की मुश्किलें अब कम होने लगी हैं। जिला प्रशासन ने राहत कार्यों को युद्धस्तर पर चलाते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। आज प्रातः 7 बजे से प्रशासन ने हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भरमौर से करियां तक निशुल्क पहुंचाने का कार्य शुरू किया।

प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि करियां से आगे जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए परिवहन की निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है और पूरे अभियान पर प्रशासन की सतत निगरानी बनी हुई है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से श्रद्धालु भरमौर क्षेत्र में फंस गए थे। कठिन परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराई, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी का रास्ता प्रशस्त हो सका है।

प्रशासन की इस त्वरित पहल ने न केवल श्रद्धालुओं बल्कि उनके परिजनों को भी बड़ी राहत दी है। परिजन प्रशासन के इन प्रयासों की सराहना कर रहे हैं और आभार व्यक्त कर रहे हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी श्रद्धालु को पीछे नहीं छोड़ा जाएगा और सभी को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
इस अभियान ने एक बार फिर साबित किया है कि आपदा की घड़ी में प्रशासन और स्थानीय तंत्र पूरी संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा में तत्पर है।