पर्यावरण संरक्षण में ग्रामीण वन प्रबंधन समितियों की अहम भूमिका :- कुलदीप सिंह पठानिया

भटीयात/ चुवाडी़ 01 अप्रैल बबलू पठानिया
वन मंडल डलहौजी के तहत ग्राम पंचायत घटासनी स्थित वन विश्राम गृह ममूल परिसर में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्रामीण वन प्रबंधन समितियों और वन अग्निशमन में सहयोग देने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए आवश्यक है और ग्रामीण वन प्रबंधन समितियां इसमें अहम भूमिका निभा रही हैं।

प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई “राजीव गांधी वन संवर्धन योजना” के तहत 2025-26 में 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे स्वयं सहायता समूहों और अन्य संगठनों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।समारोह में विभिन्न वर्षों के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्रामीण वन प्रबंधन समितियों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार विजेताओं को 50 हजार रुपये, द्वितीय को 30 हजार रुपये और तृतीय को 20 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।
वन अग्निशमन में सहयोग देने वाले नागरिकों और वन विभाग के अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।डीएफओ डलहौजी रजनीश महाजन और वन अरण्यपाल अभिलाष दामोदरन ने जनसहयोग से वन संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर राज्य वन निगम के निदेशक कृष्ण चंद चेला, एसडीएम भटियात पारस अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।