शरद नवरात्रों के शुभारंभ पर बनीखेत में रामलीला महोत्सव का आगाज

डलहौजी/चम्बा, 23 सितंबर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
शरद नवरात्रों के शुभारंभ के साथ ही बनीखेत में पारंपरिक रामलीला महोत्सव का भी आगाज हो गया है। इस उपलक्ष्य पर रामा नाटक क्लब बनीखेत की ओर से रविवार सुबह विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। पूजा-अर्चना के उपरांत दोपहर बाद एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।शोभायात्रा की शुरुआत भुरु नाग देवता मंदिर परिसर से हुई।

इसमें गणेश, शिव-पार्वती, राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान, भारत माता सहित विभिन्न पौराणिक स्वरूपों की झांकियां निकाली गईं। आकर्षक झांकियों और भक्तिमय माहौल से नगर की गलियां गूंज उठीं। यात्रा मुख्य बाजार और बस अड्डा बनीखेत से होती हुई पुनः भुरु नाग देवता मंदिर में संपन्न हुई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बना दिया।रामा नाटक क्लब बनीखेत के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्षों से रामलीला का यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि इस कार्यक्रम में बनीखेत युथ क्लब का भी सक्रिय सहयोग रहता है। दोनों संस्थाएं मिलकर न केवल रामलीला का मंचन करती हैं, बल्कि बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराती हैं।

इससे युवाओं को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़े रखने का संदेश दिया जाता है।रामलीला के रात्रिकालीन मंचन में एक और विशेषता जुड़ी हुई है। इस दौरान आयोजकों द्वारा रामायण से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं और सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है। आयोजकों का कहना है कि इससे लोगों में रामायण के प्रति रुचि बढ़ती है और नई पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराने में मदद मिलती है।

स्थानीय लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया। गौरतलब है कि डलहौजी के विभिन्न क्षेत्रों में रामलीला के आयोजन को लेकर धूम रहती है।