मोबाइल और नशे की लत से बचने के लिए योग मानव विकास ट्रस्ट बनीखेत ने किया जागरूकता शिविर का आयोजन

मोबाइल और नशे की लत से बचने के लिए योग मानव विकास ट्रस्ट बनीखेत ने किया जागरूकता शिविर का आयोजन

डलहौजी चम्बा, 14 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

योग मानव विकास ट्रस्ट बनीखेत की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चुहन में “मोबाइल की लत और नशे की लत के दुष्प्रभावों” विषय पर एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 80 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

शिविर का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक युग की दो प्रमुख चुनौतियों

— मोबाइल की अत्यधिक निर्भरता और नशे की प्रवृत्ति

— से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं ट्रस्ट के ट्रस्टी कुलदीप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज मोबाइल का अत्यधिक उपयोग युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गया है।

उन्होंने बताया कि मोबाइल की लत से ध्यान भटकना, नींद की कमी, सामाजिक अलगाव और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे मोबाइल का उपयोग सीमित रखें और इसे अध्ययन तथा रचनात्मक कार्यों के लिए ही प्रयोग करें। कुलदीप सिंह ने नशे की लत के विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि नशा एक ऐसी बुराई है जो धीरे-धीरे व्यक्ति के जीवन, परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और अपने मित्रों व परिवार के सदस्यों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन लाल ने योग मानव विकास ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, आत्मनियंत्रण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में नैतिकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे मोबाइल और नशे की लत से दूर रहकर एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज में योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!