हिमाचल पदेश ने शिक्षा बोर्ड ने बदला परीक्षा समय, अब 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं एक घंटा देरी से होंगी शुरू

कांगड़ा/ धर्मशाला 1 दिसंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इस वर्ष 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं के समय में बदलाव करते हुए नया शेड्यूल जारी किया है। बोर्ड ने घोषणा की है कि आगामी मार्च में होने वाली परीक्षाएं अब पहले की तरह सुबह 8:45 बजे शुरू नहीं होंगी, बल्कि एक घंटा देरी से सुबह 9:45 बजे आरंभ होंगी। नई व्यवस्था के अनुसार परीक्षाओं का समय सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि पहले यह समय 8:45 बजे से दोपहर 12 बजे तक था।बोर्ड द्वारा परीक्षा समय में यह परिवर्तन सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मार्च माह में हिमाचल के कई क्षेत्रों में बर्फबारी, कोहरा और कम तापमान के कारण विद्यार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अभिभावकों और शिक्षक संघों ने भी पूर्व वर्षों में इस समस्या को उठाते हुए परीक्षा समय में बदलाव की मांग की थी।

उनके अनुसार, कई विद्यार्थी ठंड और देरी से होने वाले सूर्योदय की वजह से समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच पाते थे।इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए बोर्ड ने इस वर्ष छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए समय में यह महत्वपूर्ण बदलाव किया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि प्रदेश के ऊपरी और दुर्गम क्षेत्रों में अक्सर मार्च तक बर्फबारी जारी रहती है, जिससे परिवहन बाधित होता है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए सुबह 9 बजे तक स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। इसलिए बोर्ड ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी विद्यार्थी बिना किसी परेशानी के समय पर अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच सकें।नई समय-सारिणी के साथ बोर्ड ने सभी स्कूलों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को निर्देश जारी किए हैं कि वे निर्धारित समय के अनुसार अपनी तैयारियां सुनिश्चित करें। इस बदलाव से विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।