चंबा के सुल्तानपुर में टायर फटने से 34 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौ#त

चंबा, 19 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के सुल्तानपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। यह घटना शुक्रवार को परेल इलाके में उस समय घटी जब एक टायर में हवा भरते समय अचानक तेज धमाके के साथ वह फट गया। टायर फटने की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान राकेश कुमार (34) पुत्र प्रकाश चंद, गांव छमैरी (चमीनू), डाकघर बरौर, तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राकेश कुमार एक वाहन के टायर में हवा भर रहा था, इसी दौरान तेज धमाके के साथ टायर फट गया, जिससे वह पास में ही गिर गया और गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू की।

मृतक का पोस्टमार्टम चंबा मेडिकल कॉलेज में करवाया गया और इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण टायर में अधिक दबाव बनना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है।इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इस सारे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव द्वारा की गई है।
