प्रशासन ने मणिमहेश से लौट रहे 250 श्रद्धालुओं को किया निःशुल्क पठानकोट रवाना

चंबा, 04 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला प्रशासन चंबा द्वारा लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रशासन ने मंगलवार को मणिमहेश यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की। जानकारी के अनुसार लगभग 250 से अधिक श्रद्धालुओं को भरमौर के जनजातीय क्षेत्र बग्गा से निःशुल्क पठानकोट रवाना किया गया।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने न केवल यात्रा के लिए परिवहन की व्यवस्था की बल्कि खाने-पीने और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का भी विशेष ख्याल रखा।

अचानक मौसम बिगड़ने और सड़कों पर भूस्खलन जैसी परिस्थितियों के चलते कई श्रद्धालु असुविधा में थे। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम यात्रियों के लिए राहत की सांस लेकर आया।प्रशासन की इस पहल के लिए श्रद्धालुओं ने गहरा आभार जताया। श्रद्धालुओं का कहना था कि आपदा जैसी कठिन परिस्थिति में प्रशासन ने उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई।

उन्होंने बताया कि भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधाओं से लेकर सुरक्षित परिवहन तक, हर पहलू पर जिला प्रशासन ने उनकी चिंता की। इसी कारण वे बिना किसी परेशानी के पठानकोट तक का सफर तय कर पा रहे हैं।उधर, जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मुख्य मार्गों की बहाली और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को लेकर प्रयास लगातार जारी हैं। संबंधित विभागों को सड़कों की मरम्मत और यातायात सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
