मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा के सोजन्य से छः दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ,
स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों व कार्यकर्ताओं को दी जा रही मुंह, आंख, गला, नाक व आपातकालीन देखभाल की जानकारी

चंबा14 जुलाई मुकेश कुमार(गोल्डी)
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर के सोजन्य से बीते सोमवार को सीएमओ कार्यालय चंबा के सभागार में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के तहत संचालित एक्सपेंडेड हेल्थ पैकेज के अंतर्गत छः दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को मुंह, आंख, कान, गला, नाक से संबंधित रोगों एवं आपातकालीन देखभाल के बारे में जागरूकता और उपचार क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।इस अवसर पर उपस्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता महाजन ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मूल उद्देश्य ग्रामीण व सामुदायिक स्तर पर आम लोगों को इन शारीरिक समस्याओं व बीमारियों से बचाव, प्राथमिक पहचान एवं समय पर इलाज के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के उपरांत खंड स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं को भी इस विषय पर प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे अपने क्षेत्रों में इन रोगों से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर समय पर उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवा सकें।प्रशिक्षण में स्वास्थ्य शिक्षिका निर्मला ठाकुर एवं स्वास्थ्य शिक्षक कमल भारती मनकोटिया बतौर प्रशिक्षक उपस्थित रहे। दोनों प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक व सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान किया।यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्राथमिक स्तर पर भी सशक्त होकर कार्य कर सकेंगे।