चम्बा शहर के चमेशनी मोहल्ले में युवक ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

चम्बा, 6 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा शहर के चमेशनी मोहल्ले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपने ही घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विपन कुमार (उम्र लगभग 30 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय प्रेम लाल निवासी चमेशनी मोहल्ला, चम्बा के रूप में हुई है। वह पेशे से पेंटर था।प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते कल शनिवार सुबह लगभग 10 बजे परिजनों ने विपन को उसके कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में ले लिया।इसके बाद पुलिस ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए हर पहलु की बारीकी से जांच कर रही है।पुलिस अधीक्षक चम्बा, अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए चम्बा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया और पोस्टमार्टम प्रक्रिया को अंजाम देने उपरांत शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया। यह सारा मामला दर्ज भी कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।इस घटना से चमेशनी मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई है। परिजन गहरे सदमे में हैं और मोहल्ले के लोग इस अचानक हुई त्रासदी से स्तब्ध हैं। पुलिस द्वारा की जा रही जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विपन कुमार ने इतना गंभीर कदम क्यों उठाया।