डलहौजी व आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर भूस्खलन

डलहौजी/चम्बा 29 जुलाई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
डलहौजी और इसके आसपास के क्षेत्रों में आज मंगलवार सुबह से ही लगातार भारी बारिश ने आम जनजीवन को खासा प्रभावित किया। दिनभर रुक-रुक कर तेज बारिश होने से छोटे-बड़े नाले उफान पर आ गए, जिससे राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।तेज बारिश के चलते राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154-ए पर डूंडियारा के पास भूस्खलन की घटना हुई, वहीं केरू क्षेत्र में भी रुक-रुक कर मलबा व पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आईं।

इससे यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग को शीघ्र ही बहाल कर दिया।प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने सतर्कता बरतते हुए रास्ते से मलबा हटाया और वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों तक क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे प्रशासन अलर्ट मोड में है।फिलहाल पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पूरी तरह बहाल है और यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
