सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर द्वारा अग्निवीर भर्ती ग्राउंड टेस्ट के एडमिट कार्ड जारी, 20 से 31 अगस्त तक होंगे टेस्ट

चम्बा, 08 अगस्त मुकेश कुमार(गोल्डी)
सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) द्वारा भर्ती वर्ष 2025-26 के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लार्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेडमैन (दसवीं पास) तथा अग्निवीर ट्रेडमैन (आठवीं पास) पदों के ग्राउंड टेस्ट के एडमिट कार्ड 06 अगस्त को जारी कर दिए गए हैं।उम्मीदवार अपना एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं। यदि किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई समस्या आती है तो वह सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर से व्यक्तिगत रूप से या ई-मेल (aropalampur@gmail.com) अथवा दूरभाष नंबर 8894088311 के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।सेना भर्ती कार्यालय ने सूचित किया है कि यह ग्राउंड टेस्ट 20 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक आयोजित किया जाएगा। यह टेस्ट यूथ सर्विस एवं एचपी स्पोर्ट्स सिंथेटिक टीआर, धर्मशाला में आयोजित होगा।सभी उम्मीदवारों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने एडमिट कार्ड में अंकित तिथि और समय के अनुसार ही ग्राउंड टेस्ट के लिए उपस्थित हों। उन्हें अपने साथ मूल दस्तावेज, प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा। इसके अतिरिक्त, अडैप्टेबिलिटी टेस्ट के लिए उम्मीदवारों को एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।सेना भर्ती कार्यालय ने सभी उम्मीदवारों से अनुशासन और समयपालन की अपेक्षा करते हुए परीक्षा में पूर्ण तैयारी के साथ सम्मिलित होने का आह्वान किया है।