चुवाड़ी व लाहड़ू में आर्यन कला मंच ने किया सरकारी योजनाओं का प्रचार

चंबा, 29 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत आर्यन कला मंच के कलाकारों ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी और लाहड़ू में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक का सहारा लिया। इस दौरान कलाकारों ने न केवल सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी, बल्कि नशे के दुष्प्रभावों से भी लोगों को जागरूक किया।
नाट्य दल के कलाकारों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, जनजाति विकास निगम की ओर से अनुसूचित जाति वर्ग के लिए स्वरोजगार और शिक्षा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें उच्च लागत सावधि ऋण योजना के तहत तीन लाख रुपए तक की वार्षिक आय वाले पात्र व्यक्तियों को 8 प्रतिशत ब्याज दर पर 50 लाख रुपए तक की ऋण सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।

इसी प्रकार हिम स्वावलंबन योजना के अंतर्गत 2.50 लाख रुपए तक की आय वाले अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को 8 प्रतिशत ब्याज दर पर 3 से 5 लाख रुपए तक का ऋण दिया जाता है, जिसमें 50 हजार रुपए तक की सब्सिडी का प्रावधान भी है। माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस योजना के तहत 6.5 प्रतिशत ब्याज दर पर 1.40 लाख रुपए तक की ऋण सुविधा मिल सकती है।
इसके अलावा शिक्षा ऋण योजना के अंतर्गत तीन लाख रुपए तक की आय वाले पात्र छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए 6.5 प्रतिशत ब्याज दर पर 40 लाख रुपए तक की ऋण सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

नाट्य दल ने सफाई कर्मचारियों के लिए भी उच्च लागत ऋण योजना, लघु ऋण योजना, माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस, महिला समृद्धि योजना और शिक्षा ऋण योजना की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने कलाकारों के प्रयासों की सराहना की और योजनाओं की जानकारी को उपयोगी बताया।