“मुख्यमंत्री लघु दुकानदार कल्याण योजना” को लेकर स्थानीय दुकानदारों में असमंजस, बैंकों की उदासीनता उजागर

“मुख्यमंत्री लघु दुकानदार कल्याण योजना” को लेकर स्थानीय दुकानदारों में असमंजस, बैंकों की उदासीनता उजागर

डलहौजी/चंबा 25 मार्च मुकेश कुमार ( गोल्डी)

विकासखंड भटियात के तहत हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही “मुख्यमंत्री लघु दुकानदार कल्याण योजना” के ऑनलाइन आवेदन किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत छोटे दुकानदारों को लाभ पहुंचाने का उद्देश्य है, और ग्राम पंचायत बनीखेत के कई दुकानदारों ने इसके लिए आवेदन भी कर दिया है।हालांकि, जब कुछ आवेदकों ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की स्थानीय शाखा में संपर्क किया, तो बैंक अधिकारियों ने इस योजना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। इससे दुकानदारों में भ्रम और निराशा फैल गई। जब इस बारे में संबंधित अधिकारी, चंबा से बात की गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले की सभी बैंक शाखाओं को इस योजना की जानकारी पहले ही उपलब्ध करवाई जा चुकी है। अगर कोई शाखा इसे लेकर अज्ञानता प्रकट कर रही है, तो यह उनकी लापरवाही मानी जाएगी।

इस पूरे मामले पर उपायुक्त चंबा, मुकेश रेपसवाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर गत सप्ताह जिले के सभी बैंक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई थी और यह निर्देश दिए गए थे कि कोई भी बैंक शाखा लाभार्थियों को जानकारी देने में कोताही न बरते। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर कोई बैंक शाखा इस योजना की जानकारी नहीं दे रही है या लोगों को गुमराह कर रही है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ग्राम पंचायत बनीखेत समेत अन्य क्षेत्रों के छोटे दुकानदार इस योजना का लाभ लेने को उत्सुक हैं, लेकिन बैंक की उदासीनता से वे असमंजस में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह योजना सिर्फ कागजों तक सीमित न रह जाए बल्कि इसका वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे। वे प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि बैंक शाखाओं को सख्त निर्देश दिए जाएं ताकि पात्र दुकानदारों को बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!