विधायक डीएस ठाकुर ने डलहौजी के प्रभावित ग्रामों का किया दौरा, भूस्खलन से हुए नुकसान का भी लिया जायजा

डलहौजी/ चंबा 16 सितंबर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
आज विधानसभा डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर ने ग्राम पंचायत खड़जोता, भड़ेला, लनोट और डियूर का दौरा कर क्षेत्र में भारी बारिश से हुए व्यापक नुकसान का जायजा लिया। विधायक ने भूस्खलन और बादल फटने के कारण उत्पन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जहां विशेषकर खड़जोता के दलोग, लम्होता, मंदरोगा व भड़ेला के नचनोटी गाँव में भारी तबाही देखने को मिली है।भारी बारिश के चलते सड़क मार्ग और पैदल रास्ते टूट गए हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

सबसे गंभीर स्थिति यह है कि जमीन धंसने के कारण कई परिवार बेघर हो चुके हैं। प्रशासन की ओर से इन्हें अस्थाई रूप से सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है, ताकि उनकी जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।विधायक डीएस ठाकुर ने प्रभावित परिवारों से भेंट की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि फौरी राहत के तौर पर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता राशि वितरित की गई है। इसके साथ ही जरूरी राहत सामग्री जैसे कपड़े, राशन और प्राथमिक दवाइयां भी जल्द से जल्द पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

डीएस ठाकुर ने कहा कि यह समय सहयोग और सामूहिक प्रयास का है। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी विशेष अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द क्षेत्र की बुनियादी ढांचे—सड़कों, पैदल रास्तों, बिजली और पानी की सुविधा को पुनर्स्थापित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को सामान्य जीवन जीने में सुविधा हो।विधायक ने यह भी आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों की हर सम्भव मदद की जाएगी और पुनर्वास कार्य युद्धस्तर पर चलाया जाएगा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे और राहत कार्यों को तेज करने का निर्देश प्राप्त हुआ।
