मेगा लीगल लिटरेसी कैंप 30 नवंबर को चंबा चौगान में होगा आयोजित , जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रीति ठाकुर

मेगा लीगल लिटरेसी कैंप 30 नवंबर को चंबा चौगान में होगा आयोजित , जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रीति ठाकुर

चंबा, 27 नवंबर मुकेश कुमार(गोल्डी)

राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में चंबा जिला में विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 30 नवंबर (रविवार) को ऐतिहासिक चंबा चौगान में मेगा लीगल लिटरेसी कैंप आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (DLSA) चंबा की अध्यक्षा प्रीति ठाकुर ने दी।उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं कार्यकारी अध्यक्ष, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश रंजन शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे, जो विधिक साक्षरता और जनहितकारी पहलों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रीति ठाकुर ने बताया कि यह विधिक साक्षरता शिविर नशा मुक्त समाज – भारत संकल्प, पर्यावरण संरक्षण व भूमंडल रक्षण, और आपदा पीड़ित पुनर्वास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहेगा। इन विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि आमजन को कानूनी अधिकारों, नीतियों और सरकारी प्रयासों के बारे में विस्तृत जानकारी मिल सके।

इसके अतिरिक्त, शिविर स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए प्रदर्शनी इकाइयां भी लगाई जाएंगी। इन प्रदर्शनों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आजीविका, कानून-संबंधी सहायता और अन्य योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।प्राधिकरण ने जिलावासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर में भाग लेकर विधिक जागरूकता बढ़ाने के इस महत्त्वपूर्ण प्रयास का हिस्सा बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!