मंद्रोड़ी नाले में कार दुर्घटना, पति-पत्नी की मौत, बेटा गंभीर घायल

मंद्रोड़ी नाले में कार दुर्घटना, पति-पत्नी की मौत, बेटा गंभीर घायल


सलूणी/चम्बा 19 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)


ब्रंगाल-भलोगी सड़क मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ, जिसमें पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सेरी के गगलू गांव निवासी एक परिवार चिन्नाह गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलकर घर लौट रहा था। शाम करीब छह बजे जैसे ही उनकी ऑल्टो 800 कार (HP नंबर) मंद्रोड़ी नाले के समीप पहुंची तो अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। कार में तीन लोग सवार थे – घिसो राम (56), उनकी पत्नी रजनी देवी (53) और बेटा मुकेश कुमार।

दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, गंभीर रूप से घायल घिसो राम और रजनी देवी ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, चालक मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मैडिकल कॉलेज चंबा से टांडा रैफर कर दिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी ब्रंगाल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रंगाल-भलोगी सड़क मार्ग काफी संकरा और खतरनाक है। बरसात के मौसम में जगह-जगह गड्ढे और फिसलन होने से यहां दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इसी कारण यह सड़क बार-बार हादसों का सबब बन रही है।

इस हृदयविदारक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर सुरक्षा उपायों को तुरंत पुख्ता किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!