डलहौजी में टैक्सी ऑपरेटर यूनियनों के लिए यातायात सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

डलहौजी /चम्बा 6 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
आज डलहौजी पुलिस प्रशासन और नगर परिषद डलहौजी के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय टैक्सी ऑपरेटर यूनियनों के सदस्यों के लिए एक यातायात सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य चालकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों की जानकारी और अनुशासित परिवहन व्यवस्था की महत्ता के बारे में जागरूक करना था।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी डलहौजी जगबीर सिंह तथा नगर परिषद डलहौजी के कनिष्ठ अभियंता संजय ने टैक्सी चालकों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें यातायात नियमों, सुरक्षित ड्राइविंग के तौर-तरीकों और यातायात से जुड़ी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर डलहौजी शहर के उन क्षेत्रों की पहचान की गई जहाँ अक्सर यातायात जाम की समस्या उत्पन्न होती है। प्रशासन ने ऐसे स्थानों पर आवश्यक सुधार करने और उचित ट्रैफिक प्रबंधन उपायों को लागू करने की योजना बनाई है।

डलहौजी और बनीखेत में अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए चिन्हित स्थानों पर मार्किंग की जाएगी और चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे।साथ ही सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी ताकि निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। इस कार्यक्रम को स्थानीय टैक्सी यूनियन ने सराहा और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।