मुख्यमंत्री ने धर्मपुर में आपदा प्रभावित परिवारों से की मुलाकात, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री ने धर्मपुर में आपदा प्रभावित परिवारों से की मुलाकात, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन

मंडी 2 जुलाई चंबा न्यूज एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को मंडी जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लौंगणी पंचायत स्थित स्याठी गांव का दौरा किया, जो हाल ही में बादल फटने की विनाशकारी घटना से प्रभावित हुआ है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका दुख साझा किया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।इस आपदा से 61 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनके घर, गौशालाएं और पशुधन को गंभीर नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन मंडी द्वारा अब तक प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹1.70 लाख की वित्तीय सहायता, राशन, तिरपाल तथा अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध करवाई गई है।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में पूरी तरह से प्रभावितों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी प्रभावितों को त्वरित और समुचित राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त घरों के पुनर्निर्माण हेतु विशेष राहत पैकेज दिया जाएगा, साथ ही पशुधन और गौशालाओं के नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा राशि को बढ़ाया जाएगा।प्रभावित लोगों ने बताया कि पूरा गांव बह गया है और अब उनके पास तंबू लगाने के लिए भी जगह नहीं बची है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि क्षेत्र में सरकारी भूमि उपलब्ध होगी तो उन्हें पुनर्वास हेतु आवंटित की जाएगी।

वन भूमि होने की स्थिति में यह मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।मुख्यमंत्री ने मंडी-कोटली मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का भी निरीक्षण किया और चट्टानी सतह खिसकने के कारणों के वैज्ञानिक अध्ययन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 8–10 बादल फटने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें जलवायु परिवर्तन की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता।अब तक मंडी जिले में 10 लोगों की मृत्यु और 34 के लापता होने की पुष्टि हुई है। धर्मपुर विधायक चंद्र शेखर ने मुख्यमंत्री के त्वरित दौरे की सराहना की। मौके पर कई प्रशासनिक और राजनीतिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!