योगाभ्यास को बनाया जाए दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा मुकेश रेपसवाल

चंबा, 22 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय योग शिविर का आयोजन आयुष विभाग के सौजन्य से किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी और एक स्वास्थ्य के लिए योग” रही।शिविर का शुभारंभ उपायुक्त द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि योग भारतीय सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में निरोगी जीवन जीने के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करना अत्यंत आवश्यक है। योग न केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को सशक्त बनाता है। मधुमेह, हृदय रोग और अन्य जीवनशैली संबंधी रोगों से बचाव के लिए भी योग अत्यंत प्रभावी है।उपायुक्त ने शिविर के सफल आयोजन के लिए आयुष विभाग को बधाई दी और योग सर्वोदय संस्था के प्रशिक्षकों को प्रशंसा पुरस्कार भी प्रदान किए।

इस दौरान प्रभारी आयुष अस्पताल चंबा डॉ. योगेश जरियाल ने उपस्थित लोगों को योगाभ्यास करवाया और उसके लाभों की जानकारी दी।इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा, नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैय्यर, जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुखविंदर कौर, प्रेरणा दी इनसिपरेशन संस्था के अध्यक्ष दीपक भाटिया, विभिन्न विद्यालयों के छात्र और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
