भरमौर का बेटा बना भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर

चम्बा 15 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र भरमौर से एक गौरवशाली उपलब्धि सामने आई है। खनी पंचायत के थोबू (रेहला) गांव निवासी निखिल ठाकुर ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे भरमौर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। निखिल की यह ऐतिहासिक सफलता हैदराबाद स्थित एयरफोर्स अकैडमी डंडीगल में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद मिली, जहां उन्हें औपचारिक रूप से भारतीय वायुसेना में कमीशन प्रदान किया गया।निखिल ठाकुर के पिता करनैल सिंह ठाकुर एक्साइज एवं टैक्सेशन विभाग से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता वीना ठाकुर एक गृहिणी हैं। बेटे की इस सफलता पर परिजनों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षण उनके जीवन के सबसे खास और गर्व से भरे हुए पलों में से एक है।

भरमौर जैसे दुर्गम और सीमांत क्षेत्र से निकलकर वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनना वास्तव में एक बड़ी उपलब्धि है। यह दर्शाता है कि समर्पण, कठिन परिश्रम और दृढ़ निश्चय से किसी भी सपने को साकार किया जा सकता है, चाहे परिस्थिति कैसी भी हो।निखिल की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में इसे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।

क्षेत्र के युवाओं में देशसेवा के प्रति नया जोश और जज़्बा देखने को मिल रहा है।निखिल ठाकुर की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को यह विश्वास दिलाती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो तो हिमालय की ऊंचाइयों से भी ऊपर उड़ान भरी जा सकती है।