विश्व सुरक्षित मातृत्व दिवस पर चंबा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्व सुरक्षित मातृत्व दिवस पर चंबा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चंबा, 11 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला चंबा द्वारा “विश्व सुरक्षित मातृत्व दिवस 2025” के अवसर पर मेडिकल कॉलेज चंबा के एएनसी एवं पीएनसी वार्ड में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर के सौजन्य से किया गया।इस अवसर पर जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी श्री छांगाराम ठाकुर ने गर्भवती एवं धात्री माताओं को गर्भावस्था तथा प्रसवोपरांत देखभाल के महत्त्व को रेखांकित करते हुए मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के उपायों पर जानकारी दी।

स्वास्थ्य शिक्षिका निर्मला ठाकुर ने जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। जिला पोषण काउंसलर पूनम सहगल ने गर्भवती महिलाओं के लिए संतुलित आहार, नवजात को जन्म के एक घंटे के भीतर पहला गाढ़ा दूध (क्लोस्टरम) पिलाने और छह माह तक केवल स्तनपान कराने की सलाह दी।

आयुष्मान भारत योजना की जिला समन्वयक जितेन्द्री राणा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जीएनएम नर्सिंग स्कूल ककीरा की छात्राओं ने भी प्रतिभाग किया और गर्भवती महिलाओं की देखभाल पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने मातृत्व के दौरान समुचित पोषण, नियमित जांच और समय पर उपचार की आवश्यकता को रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!